यात्रायें

Detail

राष्ट्रपति द्वारा मॉरीशस गणराज्य का राजकीय दौरा (11-13 मार्च, 2024)

मार्च 08, 2024

भारत की राष्ट्रपति, श्रीमती द्रौपदी मुर्मू, मॉरीशस सरकार के निमंत्रण पर 12 मार्च को मॉरीशस के राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेने के लिए 11 से 13 मार्च, 2024 तक मॉरीशस गणराज्य के राजकीय दौरे पर रहेंगी। भारतीय नौसेना की एक टुकड़ी भारतीय नौसेना के फर्स्‍ट ट्रेनिंग स्क्वाड्रन के दो जहाजों - आईएनएस तीर और सीजीएस सारथी के साथ समारोह में प्रतिभाग करेगी।

राष्ट्रपति मुर्मू, मॉरीशस गणराज्य के राष्ट्रपति महामहिम श्री. पृथ्वीराजसिंह रूपन और मॉरीशस के प्रधानमंत्री, महामहिम श्री. प्रविन्द कुमार जुगनौथ के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगी। इसके अलावा, राष्ट्रपति मुर्मू मॉरीशस नेशनल असेंबली के अध्यक्ष, मॉरीशस के सर्वोच्च न्‍यायालय के मुख्य न्यायाधीश, और मॉरीशस के महत्वपूर्ण नेताओं से भी भेंट करेंगी।

इस दौरे के अंतर्गत राष्ट्रपति मुर्मू और प्रधानमंत्री जुगनौथ, भारत से सहायता प्राप्त 14 परियोजनाओं का संयुक्त रूप से उद्घाटन करेंगे, जो मॉरीशस के साथ भारत की विकासपरक प्रखर साझेदारी के बढ़ते विस्तार और बहुमुखी प्रकृति को दर्शाती हैं, जो कि द्विपक्षीय संबंधों का एक प्रमुख आधार है। राष्ट्रपति मुर्मू की उपस्थिति में महत्वपूर्ण द्विपक्षीय समझौतों के भी आदान-प्रदान किए जाएंगे जो दोनों देशों के बीच सुदृढ़ द्विपक्षीय संस्थागत सहयोग और क्षमता सृजन सहयोग को और मजबूत बनाने के लिए हैं।

पैम्पलेमोसेस बॉटनिकल गार्डन में राष्ट्रपति मुर्मू, मॉरीशस के नेताओं को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगी और अप्रवासी घाट, जहां भारतीय गिरमिटिया मजदूर पहली बार मॉरीशस पहुंचे थे, इंटरकांटिनेंटल स्लेवरी म्यूजियम और पवित्र गंगा तालाब सहित ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण करेंगी। इसके अतिरिक्त, वह मॉरीशस विश्वविद्यालय में मॉरीशस के युवाओं को, तथा महात्मा गांधी संस्थान में सामाजिक-सांस्कृतिक संगठनों, भारतीय प्रवासी सदस्यगणों, भारतीय समुदाय को संबोधित करेंगी।

2000 के बाद से मॉरीशस के राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने वाले छठे भारतीय राष्ट्रपति के रूप में, राष्ट्रपति मुर्मू का यह राजकीय दौरा, भारत और मॉरीशस के बीच दूरगामी और स्थायी संबंधों को प्रतिबिंबित करता है। यह सभी क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत बनाने, और हमारे पहले से घनिष्‍ठ रहे नागरिकों के बीच संबंधों को और अधिक गहन बनाने की दिशा में दोनों देशों की अनवरत प्रतिबद्धता प्रमाणित करता है।

नई दिल्ली
08 मार्च 2024



टिप्पणियाँ

टिप्पणी पोस्ट करें

  • नाम *
    ई - मेल *
  • आपकी टिप्पणी लिखें *
  • सत्यापन कोड * पुष्टि संख्या