यात्रायें

Detail

सेशेल्स के राष्ट्रपति को दूसरा डोर्नियर विमान सौंपने के समारोह में विदेश मंत्री की टिप्पणियां

जून 26, 2018

महामहिम श्री डैनी फॉरेर,
सेशल्स गणराज्य के राष्ट्रपति;
विशिष्ट अतिथिगण;
देवियों और सज्जनों।

हम राष्ट्रपति डैनी फॉरेर की, भारत की पहली राजकीय यात्रा में उनका स्वागत कर सम्मानित और गर्वित हैं।

भारत और सेशेल्स में एक विशेष संबंध है। हमारे रणनीतिक अभिसरण हमारे साझा मूल्यों और सामान्य आकांक्षाओं की नींव पर निर्मित हैं। विगत वर्षों में हमारे संबंध विभिन्न क्षेत्रों में विस्तारित हुए हैं।

समुद्री पड़ोसियों के रूप में, हम निरंतर विकास के लिए अपने समुद्री क्षेत्र को सुरक्षित करने के लिए दृढ़संकल्प हैं। अपने समुद्रों को सुरक्षित करने से अंततः दोनों देशों और इनके लोगों की प्रगति और समृद्धि के लिए एक शांतिपूर्ण वातावरण उत्पन्न होगा। यह हमारे प्रधान मंत्री द्वारा व्यक्त किए गए सागर दृष्टिकोण का हिस्सा है – जो "क्षेत्र में सभी के लिए सुरक्षा और विकास" का एक संक्षिप्त रूप है।

भारत और सेशेल्स में हमेशा मजबूत सुरक्षा भागीदारी रही है। भारतीय नौसेना के जहाजों को नियमित रूप से सेशल्स के विस्तृत विशिष्ट आर्थिक क्षेत्र की गश्त के लिए तैनात किया जाता है। भारत, विशेष रूप से समुद्री सुरक्षा के क्षेत्र में क्षमता निर्माण के द्वारा सेशेल्स का समर्थन करने के लिए प्रतिबद्ध है।

समुद्री खतरों से निपटने के लिए, सेशेल्स की निगरानी क्षमता को बढ़ाने हेतु, हमारे प्रधान मंत्री ने मार्च 2015 में सेशेल्स की ऐतिहासिक यात्रा के दौरान उसे दूसरा डोर्नियर विमान उपहार में देने की घोषणा की थी।

आज एक ऐतिहासिक दिन है, आज सेशेल्स गणराज्य को यह विश्व स्तरीय और अत्याधुनिक द्वितीय डोर्नियर विमान सौंपकर इस प्रतिबद्धता को पूरा किया गया है। यह 29 जून को सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस के उत्सव से पहले सेशेल्स को भारत का उपहार है। मुझे विश्वास है कि यह विमान समुद्री आवीक्षण में परिणामी वृद्धि करेगा और सेशेल्स के विशाल विशिष्ट आर्थिक क्षेत्र को समुद्री खतरों से मुक्त रखने में योगदान करेगा।

इन शब्दों के साथ, मैं दोनों देशों को जोड़ने वाले जल में डोर्नियर के एक निर्बाध, अशांति से मुक्त उड़ान की कामना करती हूँ। मैं राष्ट्रपति डैनी फॉरेर और सेशल्स के लोगों को सेशल्स के राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर हार्दिक बधाई देती हूँ।

धन्यवाद!

नई दिल्ली
26 जून, 2018



टिप्पणियाँ

टिप्पणी पोस्ट करें

  • नाम *
    ई - मेल *
  • आपकी टिप्पणी लिखें *
  • सत्यापन कोड * पुष्टि संख्या