हमारे बारे में
श्री तन्मय लाल
श्री तन्मय लाल
सचिव (पश्चिम)

श्री तन्मय लाल ने 5 अगस्त 2024 को सचिव (पश्चिम) का पदभार ग्रहण किया।

वह एक करियर राजनयिक हैं, जो 1991 में भारतीय विदेश सेवा में शामिल हुए थे। उन्होंने विदेश मंत्रालय और विदेश में भारतीय मिशनों में विभिन्न क्षमताओं में काम किया है। उनके पिछले कार्य अनुभव में पश्चिम यूरोप, विस्तृत पड़ोस, संयुक्त राष्ट्र एवं बहुपक्षीय स्वरूपों, और कई क्षेत्रीय समूहों के साथ भारत की भागीदारी शामिल रहे हैं।

हाल ही में, श्री लाल स्वीडन और लातविया में (दिसंबर 2020- जुलाई 2024) भारत के राजदूत थे। इससे पहले वे मॉरीशस में उच्चायुक्त और न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र में राजदूत/उप स्थाई प्रतिनिधि थे। उन्होंने स्टॉकहोम, पोर्ट लुइस और न्यूयॉर्क के अलावा बॉन, तेहरान, वियना (स्लोवेनिया की भी मान्यता के साथ), बैंकॉक और नैरोबी (सोमालिया और इरिट्रिया की भी मान्यता के साथ) स्थित भारतीय मिशनों में काम किया है। वे नैरोबी में उप उच्चायुक्त एवं उप स्थाई प्रतिनिधि और बैंकॉक में मिशन के उप प्रमुख एवं उप स्थाई प्रतिनिधि रह चुके हैं।

मुख्यालय में, वे संयुक्त राष्ट्र आर्थिक एवं सामाजिक (UNES) और पूर्वी एवं दक्षिणी अफ़्रीका (E&SA) प्रभागों का वो पहले नेतृत्व कर चुके हैं। UNES प्रभाग के प्रमुख के रूप में उनके पोर्टफ़ोलियो में जलवायु परिवर्तन संबंधी वार्ता, एजेंडा 2030, मानवाधिकार परिषद भी शामिल थे। बतौर पूर्वी एवं दक्षिणी अफ़्रीकी प्रभाग प्रमुख, उनके पोर्टफ़ोलियो में अफ़्रीकी संघ (AU) से सहभागिता और तीसरा भारत-अफ़्रीका शिखर सम्मेलन 2015 भी शामिल था। मॉरीशस में वे भारत की सहायता से की जा रहीं कई बड़ी बुनियादी संरचनाओं की परियोजनाओं के कार्यान्वयन में शामिल थे।

श्री तन्मय लाल को 2013 में भारतीय विदेश सेवा में उत्कृष्टता के लिए एस.के. सिंह पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।

उन्होंने बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ़ टेक्नोलॉजी ऐंड साइंस (BITS), पिलानी से केमिकल इंजीनियरिंग में स्नातक ऑनर्स और बायोलॉजिकल साइंस में परास्नातक ऑनर्स की उपाधि ली है। उनकी स्कूली शिक्षा नई दिल्ली में हुई। 1987 में स्नातक करने के बाद और भारतीय विदेश सेवा से जुड़ने से पहले उन्होंने दो सार्वजनिक उपक्रम, तेल एवं प्राकृतिक गैस कमीशन (ONGC) (1988-91) और भारतीय सीमेंट निगम (CCI) (1987-88) के साथ भी काम किया है।

वह अंग्रेज़ी, हिंदी और जर्मन भाषा बोलते हैं और फ़्रेंच का उन्हें कामकाजी ज्ञान है।

श्री तन्मय लाल की शादी सुमिता लाल से हुई है और उन दोनों का एक बेटा है।