यात्रायें

Detail

भारत के उपराष्ट्रपति की गैबॉन, सेनेगल और कतर की यात्रा (मई 30 - जून 07, 2022)

मई 26, 2022

उपराष्ट्रपति श्री वेंकैया नायडू 30 मई से 07 जून 2022 तक गैबॉन, सेनेगल तथा कतर का दौरा करेंगे। उनके साथ स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री डॉ. भारती प्रवीण पवार सहित तीन संसद सदस्य - श्री सुशील कुमार मोदी (राज्य सभा), श्री विजय पाल सिंह तोमर (राज्य सभा) एवं श्री पी. रवींद्रनाथ (लोकसभा) का एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी जाएगा।

2. उपराष्ट्रपति के स्तर पर भारत की ओर से तीनों देशों की यह पहली यात्रा होगी। यह भारत की ओर से गैबॉन तथा सेनेगल की पहली उच्च स्तरीय यात्रा भी होगी। उपराष्ट्रपति की गैबॉन तथा सेनेगल की यात्रा से अफ्रीका के साथ भारत के संबंधों को गति मिलेगी तथा अफ्रीकी महाद्वीप के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को बल मिलेगा। कतर की यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब दोनों देश अपने राजनयिक संबंधों की स्थापना की 50वीं वर्षगांठ मनाने वाले हैं, जिससे द्विपक्षीय संबंध सुदृढ़ होंगे। तीनों देशों की यात्रा के दौरान कई द्विपक्षीय दस्तावेजों पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है।

गैबॉन की आधिकारिक यात्रा (30 मई-01 जून 2022)

3. उपराष्ट्रपति 30 मई से 01 जून 2022 तक गैबॉन में रहेंगे। अपनी यात्रा के दौरान, वह गैबॉन की प्रधानमंत्री महामहिम सुश्री रोज क्रिस्टियन ओसूका रापोंडा के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगे। उपराष्ट्रपति गैबॉन के राष्ट्रपति महामहिम श्री अली बोंगो ओन्डिम्बा तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों से भी मुलाकात करेंगे। वह गैबॉन में व्यापारिक समुदाय के साथ भी बातचीत करेंगे और भारतीय प्रवासियों को संबोधित करेंगे।

4. गैबॉन भारत का एक महत्वपूर्ण भागीदार है। भारत और गैबॉन दोनों वर्तमान में यूएनएससी के अस्थायी सदस्य के रूप में कार्यरत हैं। दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार 2021-22 में 1.12 बिलियन अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गया है। गैबॉन के कई नागरिक भारतीय तकनीकी एवं आर्थिक सहयोग (आईटीईसी) तथा आईसीसीआर योजनाओं के तहत भारत द्वारा दी जाने वाली छात्रवृत्ति/प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भाग लेते हैं।

सेनेगल की राजकीय यात्रा (01-03 जून 2022)

5. उपराष्ट्रपति 01-03 जून 2022 तक सेनेगल में होंगे। अपनी यात्रा के दौरान, वह सेनेगल के राष्ट्रपति महामहिम श्री मैकी सैल के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगे। उपराष्ट्रपति राष्ट्रीय सभा के अध्यक्ष महामहिम श्री मुस्तफा नियासे तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों से मुलाकात करेंगे। वह एक व्यापार गोलमेज सम्मेलन में भी भाग लेंगे तथा भारतीय समुदाय को संबोधित करेंगे।

6. सेनेगल अफ्रीकी संघ का वर्तमान अध्यक्ष है। भारत-सेनेगल द्विपक्षीय व्यापार 2021-22 में 1.65 बिलियन अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गया है। भारत ने विभिन्न क्षेत्रों में 350 मिलियन अमेरिकी डॉलर की कुल 16 लाइन ऑफ क्रेडिट एवं लगभग 305 मिलियन अमेरिकी डॉलर की क्रेता क्रेडिट की पेशकश की है। आईटीईसी के तहत भारत के क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम सेनेगल में काफी लोकप्रिय हैं। भारत और सेनेगल राजनयिक संबंधों की स्थापना की 60वीं वर्षगांठ मना रहे हैं।

कतर की आधिकारिक यात्रा (04-07 जून 2022)

7. उपराष्ट्रपति 04-07 जून 2022 तक कतर में रहेंगे। अपनी यात्रा के दौरान, उपराष्ट्रपति कतर के उप अमीर, महामहिम शेख अब्दुल्ला बिन हमद अल थानी के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगे एवं द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा करेंगे। इस यात्रा के दौरान उपराष्ट्रपति कतर के कई अन्य गणमान्य व्यक्तियों से मुलाकात करेंगे। वह कतर में एक व्यापार गोलमेज सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे। उपराष्ट्रपति की यात्रा के अवसर पर एक सामुदायिक स्वागत समारोह आयोजित किया जाएगा, जहां वह कतर में रहने वाले विविध भारतीय समुदाय के सदस्यों को संबोधित करेंगे।

8. कतर में 750,000 से अधिक भारतीय नागरिकों की उपस्थिति के साथ लोगों-से-लोगों का संपर्क भारत तथा कतर के बीच ऐतिहासिक संबंधों का केन्द्र हैं। दोनों पक्षों के बीच बहुआयामी सहयोग के दौरान आर्थिक, ऊर्जा, निवेश, शिक्षा, रक्षा तथा सांस्कृतिक संबंधों में महत्वपूर्ण वृद्धि देखी गई है। वित्त वर्ष 2021-22 में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार 15 बिलियन डॉलर से अधिक था। कतर ने पिछले दो वर्षों में विभिन्न भारतीय कंपनियों में 2 बिलियन अमेरिकी डॉलर से अधिक के निवेश की प्रतिबद्धता भी जताई है।

नई दिल्ली
मई 26, 2022



टिप्पणियाँ

टिप्पणी पोस्ट करें

  • नाम *
    ई - मेल *
  • आपकी टिप्पणी लिखें *
  • सत्यापन कोड * पुष्टि संख्या