मीडिया सेंटर

प्रश्‍न संख्‍या 2135 श्रीलंकाई संकट पर भारत का रूख

अगस्त 04, 2022

राज्य सभा
अतारांकित प्रश्‍न संख्‍या 2135
दिनांक 04.08.2022 को उत्तर देने के लिए

श्रीलंकाई संकट पर भारत का रूख

2135. श्रीमती शांता क्षत्रीः

क्या विदेश मंत्री यह बताने की कृपा करेंगे कि:

(क) क्या भारत श्रीलंका को अप्रत्याशित संकट से बचाने के लिए कोई कदम/उपाय कर रहा है;

(ख) यदि हाँ, तो तत्संबंधी ब्यौरा क्या है और यदि नहीं, तो इसके क्या कारण हैं;

(ग) क्या भारत शांति और सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए सैन्य सहायता पर विचार करेगा;

(घ) अन्य साधन और तरीके क्या हैं जिसके माध्यम से भारत श्रीलंका को अपना समर्थन देता है; और

(ङ) यदि हाँ, तो तत्संबंधी ब्यौरा क्या है और यदि नहीं, तो इसके क्या कारण हैं?

उत्तर
विदेश राज्य मंत्री
(श्री वी. मुरलीधरन)

(क) से (ङ) सरकार अपनी 'पड़ोस प्रथम' नीति के तहत, अपने पड़ोसी देशों के साथ मैत्रीपूर्ण और पारस्परिक रूप से हितकारी संबंध विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस नीति के अनुरूप, भारत श्रीलंका के आर्थिक विकास में सहायता करता रहा है और साथ ही उसकी आर्थिक चुनौतियों से निपटने में भी उसका समर्थन करता है। भारत ने जनवरी 2022 में, सार्क अवसंरचना के तहत श्रीलंका को 400 मिलियन अमेरिकी डॉलर का मुद्रा विनिमय किया और 6 जुलाई, 2022 तक एशियाई समाशोधन संघ (ए.सी.यू.) के समाशोधन को लगातार स्थगित किया है। भारत ने 500 मिलियन अमेरिकी डॉलर की ऋण सहायता श्रीलंका को ईंधन आयात करने के लिए दिया। इसके अलावा, भारत ने अपने यहां से भोजन, दवाओं और अन्य आवश्यक वस्तुओं की खरीद के लिए 1 बिलियन अमेरिकी डॉलर की ऋण सुविधा प्रदान की है। श्रीलंका को लगभग 6 करोड़ रुपये की आवश्यक दवाएं, 15,000 लीटर मिट्टी का तेल और यूरिया उर्वरक की खरीद के लिए 55 मिलियन अमेरिकी डॉलर की ऋण सहायता उपहार में देकर भी श्रीलंका को मानवीय सहायता प्रदान की थी। तमिलनाडु सरकार ने भारतीय सहायता प्रयास के बड़े हिस्से के रूप में 16 मिलियन अमेरिकी डॉलर मूल्य के चावल, मिल्क पाउडर और दवाओं का योगदान दिया है।

भारत स्थापित लोकतांत्रिक मानदंडों, संस्थानों और संवैधानिक ढांचे के माध्यम से स्थिरता और आर्थिक सुधार के लिए श्रीलंका के लोगों के प्रयासों का समर्थन करना जारी रखेगा।

Write a Comment एक टिप्पणी लिखें
टिप्पणियाँ

टिप्पणी पोस्ट करें

  • नाम *
    ई - मेल *
  • आपकी टिप्पणी लिखें *
  • सत्यापन कोड * पुष्टि संख्या