मीडिया सेंटर

प्रश्न संख्या 2133 पाकिस्तान की जेलों में कैद किये गए गुजरात के मछुआरे

अगस्त 04, 2022

राज्य सभा
अतारांकित प्रश्न संख्या 2133
दिनांक 04.08.2022 को उत्तर देने के लिए

पाकिस्तान की जेलों में कैद किये गए गुजरात के मछुआरे

2133. श्री शक्तिसिंह गोहिल:

क्या विदेश मंत्री यह बताने की कृपा करेंगे कि:

(क) पाकिस्तान की जेलों में गुजरात राज्य के कितने मछुआरे कैद हैं;

(ख) ये मछुआरे कौन-कौन से अपराध में पाकिस्तान की जेलों में कैद हैं; और

(ग) सरकार द्वारा इन मछुआरों को छुड़ाने के लिए क्या प्रयास किए जा रहे हैं?

उत्तर
विदेश राज्य मंत्री
[श्री वी. मुरलीधरन]

(क) से (ग) उपलब्ध सूचना के अनुसार, पाकिस्तान की हिरासत में 546 भारतीय या भारतीय माने जाने वाले मछुआरे गुजरात राज्य से हैं। यह बताया गया है कि पाकिस्तानी प्राधिकारियों ने कथित तौर पर पाकिस्तानी समुद्री क्षेत्र में मछली पकड़ने के आरोप में भारतीय मछुआरों को उनकी नावों के साथ गिरफ्तार किया है और उन पर पाकिस्तान के मात्स्यिकी अधिनियम के तहत आरोप लगाए गए हैं।

सरकार भारतीय मछुआरों के कल्याण, सुरक्षा और हिफाजत को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। जैसे ही पाकिस्तान द्वारा भारतीय मछुआरों और उनकी मछली पकड़ने वाली नौकाओं के पकड़े जाने के मामले सामने आते हैं, इस्लामाबाद स्थित भारतीय मिशन पाकिस्तान सरकार से कोंसली सहायता की मांग के लिए तत्काल कदम उठाता है। नौकाओं सहित मछुआरों की शीघ्र रिहाई और प्रत्यावर्तन के लिए उन्हें कानूनी सहायता के साथ-साथ हर संभव सहायता प्रदान की जाती है। पाकिस्तानी प्राधिकारियों द्वारा भारतीय मछुआरों और मछली पकड़ने वाली उनकी नौकाओं को पकड़े जाने के मामलों को पाकिस्तान सरकार के साथ निरंतर उठाया जाता है और उन्हें यह अवगत कराया जाता है कि इस मुद्दे पर मानवीय और आजीविका की दृष्टि से विचार किया जाए।

सरकार के निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप, 2014 से 2160 भारतीय मछुआरों और मछली पकड़ने वाली 57 भारतीय नौकाओं को पाकिस्तान से वापस लाया गया है। इसमें वे 40 भारतीय मछुआरे भी शामिल हैं जिन्हें इस वर्ष अब तक पाकिस्तान से वापस लाया जा चुका है।

Write a Comment एक टिप्पणी लिखें
टिप्पणियाँ

टिप्पणी पोस्ट करें

  • नाम *
    ई - मेल *
  • आपकी टिप्पणी लिखें *
  • सत्यापन कोड * पुष्टि संख्या