मीडिया सेंटर

भारत और युगांडा के बीच दूसरा विदेश कार्यालय परामर्श

नवम्बर 22, 2022

भारत और युगांडा के बीच विदेश कार्यालय परामर्श (एफओसी) का दूसरा दौर 22 नवम्बर 2022 को नई दिल्ली में आयोजित किया गया। विदेश मंत्रालय में संयुक्त सचिव (ईएंडएसए), श्री पुनीत आर कुंडल ने भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया, जबकि युगांडा के विदेश मंत्रालय में स्थायी सचिव श्री बगीर विंसेंट वैसवा ने युगांडा के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया।

2. दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा की जिसमें राजनीतिक, आर्थिक, रक्षा, व्यापार और निवेश, विकास साझेदारी, छात्रवृत्ति कार्यक्रम और क्षमता निर्माण, सांस्कृतिक संबंध तथा लोगों से लोगों के बीच संपर्क शामिल हैं। फोरेंसिक विज्ञान, स्वास्थ्य, नवीकरणीय ऊर्जा, कृषि प्रसंस्करण तथा मध्यम और लघु उद्यमों जैसे विशिष्ट क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को आगे बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने क्षेत्रीय और बहुपक्षीय मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया, जिसमें संयुक्त राष्ट्र में सहयोग, अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन (आईएसए), पूर्वी अफ्रीका समुदाय (ईएसी), पूर्वी और दक्षिणी अफ्रीका के लिए साझा बाजार (कोमेसा (COMESA)), और अफ्रीकी महाद्वीपीय मुक्त व्यापार क्षेत्र (एएफसीएफटीए) शामिल रहे। भारतीय पक्ष ने युगांडा को आपदा प्रतिरोधी अवसंरचना गठबंधन (सीडीआरआई) में शामिल होने के लिए फिर से आमंत्रित किया।

3. दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय व्यापार पर प्रसन्नता व्यक्त की, जो 2021-22 के लिए 840 बिलियन अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गया। उन्होंने इस व्यापार को और आगे बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की।

4. भारतीय पक्ष ने 2023 में शुरू होने वाले गुटनिरपेक्ष आंदोलन (NAM) की आगामी अध्यक्षता के लिए युगांडा को बधाई दी। 2023 में प्रस्तावित भारत-अफ्रीका फोरम शिखर सम्मेलन के चौथे संस्करण पर भी चर्चा हुई।

5. दोनों पक्ष कंपाला में पारस्परिक रूप से सुविधाजनक तिथि पर परामर्श के अगले दौर को आयोजित करने पर सहमत हुए।

नई दिल्ली
नवम्बर 22, 2022



DISCLAIMER: This is an approximate translation. The original is available in English on MEA’s website and may be referred to as the official press release.
Write a Comment एक टिप्पणी लिखें
टिप्पणियाँ

टिप्पणी पोस्ट करें

  • नाम *
    ई - मेल *
  • आपकी टिप्पणी लिखें *
  • सत्यापन कोड * पुष्टि संख्या